रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के पूर्व इंस्पेक्टर जरनल ऑफ पुलिस (IG) अमर सिंह चहल ने खुद को गोली मार ली। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें तुरंत पटियाला के पार्क अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है।
अमर सिंह चहल IG पद से रिटायर होने के बाद पटियाला में रह रहे थे। यहां सोमवार को उन्होंने खुद को गोली मार ली। सूत्रों के मुताबिक घटना से पहले उन्होंने एक सुसाइड नोट भी लिखा था। पटियाला के एसएसपी वरुण शर्मा ने बताया कि गोली चलने की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें तुरंत अमर सिंह चहल के घर पहुंच गईं। उन्होंने कहा कि चहल उस समय बेहद गंभीर हालत में थे, जिसके बाद उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बता दें कि अमर सिंह चहल 2015 के फरीदकोट फायरिंग मामले में आरोपी रह चुके हैं। इस मामले में 24 फरवरी 2023 को पंजाब पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने फरीदकोट कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी। इस SIT की अगुआई उस समय एडीजीपी एलके यादव कर रहे थे। चार्जशीट में कई बड़े राजनीतिक नेताओं और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के नाम शामिल किए गए थे। इनमें तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल, उनके बेटे और पूर्व गृह मंत्री सुखबीर सिंह बादल, पूर्व डीजीपी सुमेध सिंह सैनी, आईजी परमराज सिंह उमस गिल, पूर्व डीआईजी अमर सिंह चहल आदि के नाम शामिल थे।


