रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): इजराइल ने शुक्रवार देर रात भारतीय समयानुसार करीब 10:30 बजे ईरान पर एयरस्ट्राइक की। इजराइली फाइटर जेट्स ने ईरान के परमाणु ठिकानों को दोबारा निशाना बनाया। इन हमलों में 60 और लोग मारे गए। ईरान में इजराइली हमले में अब तक 138 लोग मारे गए हैं और 350 से ज्यादा घायल हुए हैं।
जवाब में ईरान ने 150 बैलिस्टिक मिसाइलें इजराइल की ओर दागीं। इनमें से 6 मिसाइलें राजधानी तेल अवीव में गिरीं, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 90 से ज्यादा लोग घायल हो गए।मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ईरान ने मिसाइलों से इजराइली रक्षा मंत्रालय को भी निशाना बनाया। हालांकि अभी तक इजराइल ने इसकी पुष्टि नहीं की है। यह हमले भारतीय समयानुसार शनिवार सुबह करीब 7:15 बजे तक जारी रहे। ईरान की ओर से हमले की आशंका के चलते इजराइली PM बेंजामिन नेतन्याहू को सुरक्षित ठिकाने पर शिफ्ट कर दिया गया था।
इजराइल ने एक दिन पहले शुक्रवार सुबह 5:30 बजे ईरानी परमाणु और कई मिलिट्री ठिकानों को निशाना बनाया था। इसमें 6 परमाणु वैज्ञानिक और 20 से ज्यादा मिलिट्री कमांडर्स मारे गए थे।




