रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर ईडी के समन पर पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के बेटे रणइंद्र सिंह आज (12 फरवरी) को नहीं पहुंचे। उनके दोपहर करीब 12 बजे पेश होने की उम्मीद थी। रणइंद्र सिंह को ईडी ने विदेश में संपत्तियों के केस में पूछताछ के लिए बुलाया था।
उम्मीद है कि रणइंद्र सिंह पिता पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ 13 फरवरी को जालंधर ईडी दफ्तर में पेश हो सकते हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह को इससे पहले भी ईडी ने कई बार बुलाया लेकिन सेहत के कारण और घुटनों की रिप्लेसमेंट के चलते कैप्टन अमरिंदर सिंह पेश नहीं हो पाए थे। पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और उनके बेटे पर 2006 से विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत दर्ज मामले में जांच चल रही है। आरोप है कि पिता पुत्र की कई देशों में संपत्तियां हैं, जिनकी जानकारी नहीं दी गई थी। कैप्टन के बेटे रजिंदर सिंह ने एक्स पर पोस्ट डालकर लिखा है कि कानून का पालन करने वाले नागरिक होने के नाते हम प्रत्येक जांच एजेंसी के साथ पूरा सहयोग करेंगे। हमें कानून के शासन पर पूर्ण विश्वास है और हमें भरोसा है कि सत्य और न्याय की ही जीत होगी।


