
रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में इस समय कानून व्यवस्था वेंटिलेशन पर आ चुकी है। जालंधर में बीती रात बब्बर ज्वेलर्स के यहां चोरों ने 80 लाख के गहने लूट लिए थे और अब मोहाली में लुटेरों ने हाईकोर्ट के पूर्व एडिशनल एडवोकेट जनरल कृष्ण कुमार गोयल की पत्नी की घर में घुस कर हत्या कर दी।
पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के पूर्व एडिशनल एडवोकेट जनरल कृष्ण कुमार गोयल की पत्नी अशोक गोयल की गला घोंटकर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। देर रात 11 बजे बदमाश मोहाली के फेज-5 स्थित उनके घर में घुसे थे। वह गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस का कहना है कि विरोध करने पर अशोक गोयल की हत्या की गई। मंगलवार सुबह जब नौकरानी घर में काम करने पहुंची, तो उसे अशोक गोयल जमीन पर मृत अवस्था में पड़ी मिलीं। वहीं घर का नौकर कुर्सी से बंधा हुआ था। इसके बाद नौकरानी ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस नौकर को हिरासत लेकर पूछताछ कर रही है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं। इस मामले में सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें 2 बदमाश आते दिख रहे हैं।

वहीं, कृष्ण कुमार गोयल अपनी बेटी से मिलने मस्कट (ओमान) गए हुए थे। वह अब वहां से वापस आ रहे हैं। हिरासत में लिए गए नौकर का नाम नीरज है। उसकी उम्र करीब 25 साल है। वह करीब 9 साल से गोयल परिवार के यहां काम कर रहा है।


