रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): आज दोपहर 12 बजे लोकसभा में वक्फ संशोधन बिल 2024 पेश किया गया। आठ घंटे केंद्र और विपक्ष बिल पर चर्चा करेगा। केंद्र ने बिल के जरिए वक्फ बोर्ड की संपत्तियों को कानूनी दायरे में लाए जाने का प्रस्ताव रखा है।
अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजीजू ने 58 मिनट अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि 2014 में कांग्रेस की यूपीए सरकार ने 123 प्राइम प्रॉपर्टी को दिल्ली वक्फ बोर्ड को ट्रांसफर किया। अगर यह बिल पेश नहीं किया होता तो जिस इमारत में हम बैठे हैं उसे भी वक्फ बोर्ड की संपत्ति घोषित कर दिया होता। सपा नेता अखिलेश यादव ने कहा कि बिल पास होने पर मुस्लिमों से उनके घर और दुकानें छीन ली जाएंगी। टीएमसी सांसद कल्याण बैनर्जी ने कहा कि वक्फ प्रॉपर्टी मुस्लिम समुदाय के लिए है, यह धार्मिक संस्था है। मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड ने बिल पास होने पर देश भर में आंदोलन की धमकी दी है।
मंत्री किरेन रिजीजू ने दावा किया कि विपक्ष लोगों को डराने का काम कर रहा है। इस बिल के पास होने पर किसी की प्रॉपर्टी नहीं छीनी जाएगी। इसका धार्मिक व्यवस्था से कोई लेनदेन नहीं है। जो प्रॉपर्टी रजिस्टर्ड हो चुकी है, जहां आप नमाज पढ़ते है उस पर कोई दखलंदाजी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि CAA लागू हो गया, किसी मुस्लिम की नागरिकता नहीं छीनी गई। विपक्ष घूम घूम कर देशभर में झूठ फैला रहे है। जो भी कानून लाया जाता है विपक्ष देश के लोगों को डराने का काम करता आया है। गरीब मुस्लिम कह चुके है कि बिल जल्द पास हो। इस वक्त देश में 8.72 लाख वक्फ प्रॉपर्टी है।




