रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पुष्पक एक्सप्रेस ट्रेन में आग लगने की अफवाह लगने के बाद यात्रियों ने ट्रेन से दूसरे ट्रैक पर छलांगे लगा दी। देखते ही देखते उसी ट्रैक पर काफी स्पीड से आई ट्रेन ने करीब 60 से ज्यादा यात्रियों को कुचल दिया जिसमें से दस यात्रियों की काटने से मौत हो गई जबकि 50 यात्री घायल हो गए।
हादसा महाराष्ट्र के जलगांव में बुधवार शाम 4:42 बजे हुआ। परधाड़े रेलवे स्टेशन पर पुष्पक एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैल गई। घबराए यात्री ट्रेन से कूद गए। इसी दौरान दूसरे ट्रैक पर आ रही कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस ने कई यात्रियों को कुचल दिया। न्यूज एजेंसी IANS ने बताया कि ट्रेन से कुचलकर 10 लोगों की मौत हुई है। करीब 50 लोग घायल हैं।सेंट्रल रेलवे के भुसावल डिवीजन के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जहां घटना हुई, उस जगह पर शार्प टर्न था। इस वजह से दूसरे ट्रैक पर बैठे पैसेंजर्स को ट्रेन के आने का अंदाजा नहीं लगा। यही वजह रही कि स्पीड से आ रही कर्नाटक संपर्क क्रांति से इतनी बड़ी संख्या में लोग कुचले गए। घटनास्थल मुंबई से 400 किलोमीटर दूर है।
ब्रेक लगने पर ट्रेन के पहिए से निकला था धुआं
जानकारी के मुताबिक गाड़ी नंबर 12629 कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस यशवंतपुर से हजरत निजामुद्दीन जा रही थी। जबकि पुष्पक एक्सप्रेस (12533) लखनऊ से मुंबई जा रही थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक ब्रेक लगाने पर पुष्पक एक्सप्रेस के पहियों से धुआं निकला था। इसी वजह से ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैल गई।






