रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): राज्यसभा छोड़कर लुधियाना से उपचुनाव जीतने वाले संजीव अरोड़ा पंजाब सरकार के नए NRI, उद्योग और वाणिज्य मंत्री बन गए हैं। गुरुवार को राजभवन में हुए समारोह में उन्होंने 17वें मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। लुधियाना वेस्ट उपचुनाव जीतने के बाद संजीव अरोड़ा को मंत्री बनाए जाने का वादा किया गया था। इसी वजह से उनकी कैबिनेट में एंट्री हुई है।
आप सरकार के करीब साढ़े 3 साल के कार्यकाल में यह 7वां कैबिनेट विस्तार है। एनआरआई विभाग पहले कुलदीप धालीवाल के पास था, लेकिन उन्होंने अब इस्तीफा दे दिया है। वहीं उद्योग विभाग तरुणप्रीत के पास था, जिसको वापस लेकर अरोड़ा को दिया गया है। तरुणप्रीत के पास अब केवल पंचायत एवं संस्कृति विभाग बचा है।
पंजाब सरकार ने सितंबर 2024 में आखिरी बार कैबिनेट विस्तार किया था। इस दौरान हरदीप सिंह मुंडिया, बरिंदर कुमार गोयल, तरनप्रीत सिंह सौंद और मोहिंदर भगत को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था। जबकि बलकार सिंह, चेतन सिंह जौड़ामाजरा, ब्रह्मशंकर जिंपा और अनमोल गगन मान की छुट्टी हुई थी।
अरोड़ा के कैबिनेट में शामिल होने के बाद और कुलदीप धालीवाल के इस्तीफे के बाद मंत्रीमंडल में 16 मंत्री हो गए हैं। अब भी मंत्रिमंडल में एक सीट खाली रह गई है।





