रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): मोहाली के एसएसपी ऑफिस के बाहर दिनदहाड़े हमलावरों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पूरे इलाके को सील कर दिया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार एसएसपी ऑफिस के गेट के बाहर ही उत्तराखंड के रुड़की का रहने वाला गुरप्रीत जा रहा था, तभी उसपर फायरिंग कर दी गई। गुरप्रीत को तीन गोलियां लगीं। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी रंजिश का बताया जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मोहाली एसएसपी ने बताया कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने एसएसपी कार्यालय जैसे उच्च-सुरक्षा वाले क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


