रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): हिमाचल के मंडी में 10 जगह बादल फटने के बाद बाढ़ में बहे 5 और शव बरामद हुए हैं। यहां मौत का आंकड़ा 10 पहुंच गया है। सैकड़ों के हिसाब से लोग अभी भी लापता हैं। प्रशासन की टीमें लगातार लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। किन्नौर में भी मंगलवार को बादल फटा था, लेकिन यहां किसी की मौत की सूचना नहीं आई। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू आज मंडी के धर्मपुर में प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
मंडी के थुनाग, जंजैहली, बगशयाड़ और करसोग के करीब 100 गांवों में पिछले 32 घंटे से लाइट नहीं है। यहां टोटली ब्लैकआउट है। इसी तरह थुनाग और जंजैहली में किसी भी मोबाइल कंपनी का नेटवर्क नहीं आ रहा है। बादल फटने की वजह से यहां टावरों को भी नुकसान पहुंचा है। इसलिए प्रशासन को यहां नुकसान की सही जानकारी नहीं मिल पा रही है।
आज कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। जबकि, शिमला, मंडी, हमीरपुर, ऊना और बिलासपुर में यलो अलर्ट है।





