रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के लुधियाना में थाने के मालखाने में तैनात मुंशी पुलिस शिकंजे में फंस गया है। आरोप है कि उसने मालखाने में रखी ड्रग मनी को अपनी जुआ खेलने की लत के चलते धीरे-धीरे गायब कर दिया और रकम जुए में हारता चला गया।
मामले का पता चलने पर मुंशी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अदालत में पेश कर सिधवां बेट पुलिस ने चार दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। वहीं, पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है आरोपी किन किन लोगो के साथ जुआ खेलता था इस के अलावा आरोपी ने जुए के अलावा कुछ खरीदा तो नहीं। पुलिस ने आरोपी का 14 दिन का रिमांड मांगा था। आरोपी पुलिस कर्मचारी पहले फौज में भर्ती था, 2011 में वह पुलिस में भर्ती हुआ है। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ, जब आरोपी ने अदालत में मामले से संबंधित रिकॉर्ड पेश नहीं किया। इस पर पुलिस अधिकारियों को शक हुआ और आंतरिक जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि वह माल रिकॉर्ड की सील पिघलाकर वह पैसे निकालता रहा और जुए में लगाता रहा। अब इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है, जिसे एसपी रैंक के अधिकारी लीड करेंगे। साथ ही उन थानों के मालखाने की भी जांच की जाएगी, जहां-जहां यह मुंशी तैनात रहा। खास बात ये है कि मुंशी की 20 दिन बाद ही रिटायरमेंट है।


