रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के पटियाला की बहू और बॉलीवुड सिंगर नेहा कक्कड़ का लॉलीपॉप सांग विवादों में घिर गया है। गीत ट्रोलर के निशाने पर है। गीत को लेकर लोग नेहा कक्कड़ और टोनी कक्कड़ पर अश्लीलता फैलाने के कमेंट कर रहे हैं।
शास्त्रीय संगीत में बड़ा नाम मालिनी अवस्थी भी गीत के भद्दे डांस स्टेप्स को लेकर आपत्ति जता चुकी हैं। अब काला रंग सांग फेम पंजाबी सिंगर काका ने भी इस गीत को लेकर इंस्टा पर वीडियो जारी किया है। काका ने ट्रोलर को जवाब देकर नेहा कक्कड़ का समर्थन किया है। पंजाबी सिंगर काका ने कहा कि आजकल इसी तरह के गीतों की मार्केट है। ऐसे गीत कुछ समय में ही मिलियन व्यू पार कर जाते हैं। वहीं उन्होंने कहा कि अच्छे और सीरियस गीतों को कोई नहीं सुनता। बता दें कि इस गीत को 10 दिन में 12 मिलियन व्यू मिल चुके हैं। इस गीत को न्यूज ईयर पार्टी थीम को ध्यान में रखकर बनाया गया है। नेहा कक्कड़ बॉलीवुड की मशहूर सिंगर हैं। वह मूल रूप से उत्तराखंड के नैनीताल की रहने वाली हैं। उन्होंने पटियाला के रोहनप्रीत के साथ शादी की है।


