रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में आतंकी साजिश को नाकाम करते हुए स्टेट स्पेशल ऑपरेशंस सेल (SSOC), अमृतसर ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। खुफिया जानकारी के आधार पर की गई विशेष कार्रवाई में SSOC ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI समर्थित आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया है।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने RDX आधारित इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) बरामद की है और अमृतसर से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार यह विस्फोटक डिवाइस किसी बड़े आतंकी हमले को अंजाम देने के इरादे से तैयार की गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में था, जो सीधे तौर पर पाकिस्तान स्थित आतंकी आकाओं के निर्देशों पर काम कर रहा था। सुरक्षा एजेंसियों को गुमराह करने के लिए IED को PVC पाइप के अंदर छिपाया गया था, ताकि यह सामान्य वस्तु जैसा दिखाई दे और जांच से बचा रहे। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना SSOC, अमृतसर में एफआईआर दर्ज कर ली है। यह एफआईआर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज की गई है।


