रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों के खिलाफ 72 घंटे का ऑपरेशन प्रहार लॉन्च किया है। डीजीपी गौरव यादव ने चंडीगढ़ में इसका ऐलान करते हुए कहा कि आज (20 जनवरी) को पुलिस की 2 हजार फील्ड में उतारी गई हैं। जो पूरे स्टेट में गैंगस्टर, उनके साथियों और उनकी एक्टिविटीज में शामिल परिवार के लोगों की जांच कर रही हैं।
इसके अलावा डीजीपी ने गैंगस्टरों के बारे में सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 जारी किया। डीजीपी ने कहा कि युवाओं के पास यह आखिरी मौका है कि वह मुख्य धारा में लौट आएं। अब पंजाब पुलिस किसी को नहीं बख्शेगी। पंजाब में गैंगस्टरों के लिए कोई जगह नहीं है। गैंगस्टर खुद को विदेश में भी महफूज न समझें। पुलिस के ऑपरेशन प्रहार शुरू करते ही अमृतसर, जालंधर और मंडी गोबिंदगढ़ में एनकाउंटर हुए हैं। अमृतसर में कुख्यात गैंगस्टर मनी प्रिंस का एनकाउंटर कर दिया। डीआईजी संदीप गोयल ने बताया कि गैंगस्टर के खिलाफ करीब 50 मामले दर्ज थे। उन्होंने बताया आज घरिंडा थाना क्षेत्र में उसे पकड़ने की कोशिश की गई। इसी दौरान उसने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मनी की मौत हो गई।
मंडी गोबिंदगढ़ में पुलिस गैंगस्टर को हथियार रिकवरी के लिए ले गई थी। लेकिन गैंगस्टर शिवा ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जिसमें एक होमगार्ड जवान जख्मी हो गया। जिसके बाद पुलिस ने क्रॉस फायरिंग की, जिसके बाद उसे गोली लगी और वह पकड़ा गया। जालंधर में भी 2 संदिग्धों को रोका गया, जिन्होंने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। क्रॉस फायरिंग में एक आरोपी करण घायल हो गया जबकि उसका साथी फरार हो गया। इन पर UK से भारत आए एक युवक सुखचैन सिंह पर फायरिंग करने का आरोप था।


