रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) पर पाकिस्तान की ओर से मंगलवार देर रात 2 राउंड फायरिंग की गई। सेना के सूत्रों के मुताबिक 6 राष्ट्रीय राइफल्स के जवान केरन सेक्टर में हाईटेक सीसीटीवी कैमरे लगा रहे थे। इसी दौरान फायरिंग हुई।
भारतीय सेना ने भी जवाबी फायरिंग की। इसके बाद इलाके की घेराबंदी की और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सूत्रों ने संभावना जताई है कि पाकिस्तान की ओर से फायरिंग घुसपैठियों की मदद के लिए की गई हो सकती है। इससे पहले मंगलवार रात जम्मू-कश्मीर के कठुआ में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के पास पाकिस्तानी ड्रोन नजर आया था। भारतीय सेना ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए अपने एंटी ड्रोन सिस्टम एक्टिवेट किए थे। सेना की जवाबी कार्रवाई के बाद ड्रोन पाकिस्तान की ओर लौट गया। पिछले 10 दिनों में बॉर्डर के पास ड्रोन देखे जाने की यह पांचवी घटना थी।


