रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल ने दो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को गिरफ्तार किया है, जो कि पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी के वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट से अपलोड कर प्रसारित करते थे। पुलिस के मुताबिक, दोनों आतंकवाद के प्रचार में सक्रिय थे और भट्टी का सहयोग कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मनवीर सिंह (मनी मूसेवाला), निवासी गांव घंगास, तहसील पायल, जिला लुधियाना, और सुखवीर सिंह, निवासी मानसा के रूप में हुई है।
प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया है कि वे शुरू में अपने सोशल मीडिया पर अपने फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में आए थे, लेकिन बाद में इस नेटवर्क का हिस्सा बन गए। अब पुलिस इनसे जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर रही है और यह पता लगा रही है कि कितने लोग भट्टी ने अपने चक्कर में फंसाया है। सुखवीर सिंह के खिलाफ वर्ष 2020 में हत्या का मामला दर्ज है। वह करीब 2 साल तक बठिंडा और मानसा जेल में रहा। जेल से बाहर आने के बाद, सुखवीर ने खुद को सोशल मीडिया पर सक्रिय किया और इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पर लोकप्रिय हो गया। उसकी इंस्टाग्राम आईडी “Sukhveer_khipal” है।





