रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (9 सितंबर) पंजाब और हिमाचल प्रदेश में बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरे करेंगे। उन्होंने X पर पोस्ट कर लिखा, “बाढ़ और भूस्खलन के बाद हिमाचल प्रदेश और पंजाब में हालात का जायजा लेने के लिए रवाना हो रहा हूं। भारत सरकार इस दुख की घड़ी में प्रभावित लोगों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है।”
सबसे पहले प्रधानमंत्री अपने विमान से पठानकोट पहुंचेंगे। यहां से वह हेलिकॉप्टर से हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी और चंबा में हुए नुकसान का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। दोपहर को प्रधानमंत्री धर्मशाला में आपदा से जुड़ी एक महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होंगे। यहां उन्हें प्रेजेंटेशन के माध्यम से आपदा से हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने PM के आने से पहले तैयारियों का जायजा लिया। शाम 4 बजे प्रधानमंत्री गुरदासपुर के टिब्बरी इलाके में बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं को सुनेंगे। पंजाब की आप सरकार ने केंद्र से 80 हजार करोड़ रुपए की मांग की है। वहीं हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी कहा कि स्पेशल रिलीफ पैकेज दिया जाए। इससे पहले, 5 सितंबर को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अमृतसर, गुरदासपुर और कपूरथला में बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर पीड़ितों से मुलाकात की थी।





