रोजाना मेल (दिल्ली): संयुक्त किसान मोर्चा के यूपी के किसानों ने दिल्ली को कूच कर दिया है। 6 दिसंबर को पंजाब के किसानों ने पैदल ही दिल्ली जाने का ऐलान किया है। वहीं दिल्ली नोएडा बोर्डर पर लंबा जाम लग चुका है। पुलिस ने वहां बेहद सख्ती बढ़ा दी है। पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करते हुए रोड का सफर न करने की सलाह दी है और ट्रेन या फिर मेट्रो का सफर करने को कहा है। किसानों के दिल्ली कूच के आवाहन के कारण पुलिस ने जीरो प्वाइंट पर बेरिकेड्स करके चेकिंग शुरू कर दी है। किसानों को दिल्ली जाने से रोकने के लिए हजारों पुलिस बल सड़कों पर तैनात है। दिल्ली यूपी के चिल्ला बार्डर पर पुलिस, आरएएफ और दंगा नियंत्रण वाहन तैनात है। वहीं 6 दिसंबर को पैदल ही दिल्ली जाने के ऐलान के बाद पंजाब के किसानों के लिए हरियाणा के सीएम नायब सैनी ने कहा कि धरना पंजाब का बनता है। कांग्रेस की जो सरकार एमएसपी नहीं दे रही, धरना वहीं बनता है। हम एमएसपी दे रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एमएसपी बंद होने का झूठ फैलाया था लेकिन पीएम मोदी ने एमएसपी बढ़ाकर इसका जवाब दिया है। हरियाणा पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि किसानों को तभी एंट्री दी जाएगी जब वह दिल्ली कूच की परमिशन दिखाएंगे। रात को पक्का धरना नहीं देना होगा। इन बातों पर चर्चा के लिए हरियाणा पुलिस ने किसानों के साथ शंभू और ख़ानौरी बार्डर पर शाम चार बजे मीटिंग बुलाई है। इन हालतों में पंजाब से दिल्ली जाने वाले लोगों को बड़ी समस्या का सामना करना पड़ सकता है।




