रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बुधवार को आम आदमी पार्टी सरकार का चौथा बजट पेश किया। उन्होंने ‘मेरा पंजाब, बदलता पंजाब’ थीम पर ₹2.36 लाख करोड़ का बजट रखा। ये पिछली बार से करीब 15% ज्यादा है। बजट में महिलाओं को 1,100 रुपए देने का ऐलान नहीं किया गया। चुनाव से पहले आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने इसकी गारंटी दी थी।
बजट में सरकार का फोकस नशे पर रहा। ₹150 करोड़ रुपए से सरकार ड्रग जनगणना कराएगी, इसका मतलब पंजाब में कितने लोग नशा कर रहे हैं, उनकी गिनती की जाएगी। सेहत बीमा कवर योजना के तहत 65 हजार परिवारों को ₹10 लाख तक का मुफ्त इलाज मिलेगा। सरकार इंडस्ट्री के लिए नई पॉलिसी लाएगी। इसके प्रोत्साहन के लिए 250 करोड़ रखे हैं। 300 यूनिट मुफ्त बिजली योजना जारी रहेगी। इसके लिए बजट में 7,614 करोड़ रखे गए हैं। सरकार ने किसी नए टैक्स का ऐलान नहीं किया।हरपाल सिंह चीमा ने सुबह अपने सरकारी आवास पर बजट की कॉपी साइन की। इसके बाद उन्होंने सीएम भगवंत मान के घर जाकर उनसे मुलाकात की।




