रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव के संपन्न होने के बाद 5 जिलों के 16 बूथों पर दोबारा मतदान कराने के आदेश दिए हैं। इन बूथों पर आयोग को वोटिंग के दौरान गड़बड़ियों की शिकायतें मिली थीं, जिसके बाद इन बूथों का चुनाव रद्द कर दिया गया है।
अब इन पर 16 दिसंबर को वोटिंग होगी। जबकि, पहले की तरह तय तारीख यानी 17 दिसंबर को रिजल्ट घोषित होगा। चुनाव आयोग ने अमृतसर जिले में ब्लॉक समिति अटारी के जोन नंबर 08 (खासा) में बूथ नंबर 52, 53, 54 और 55 पर री-पोल कराने के आदेश दिए हैं। वहीं, जोन नंबर 17 (वरपाल कलां) में बूथ नंबर 90, 91, 93, 94 और 95 पर दोबारा वोटिंग होगी। इसी तरह बरनाला में ब्लॉक समिति चननवाल के जोन नंबर 04 में गांव रैसर के बूथ 20 पर मतदान होगा। मुक्तसर साहिब के ब्लॉक कोट भाई (गिद्दड़बाहा) में गांव बबनिया के बूथ नंबर 63 और 64 व गांव मधीर के बूथ नंबर 21 और 22 पर दोबारा वोटिंग होगी। गुरदासपुर के गांव चनहिया में बूथ नंबर 124 पर मतदान होगा। वहीं, जालंधर की पंचायत समिति भोगपुर के जोन नंबर 4 में बूथ 72 पर वोटिंग होगी।


