रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब और चंडीगढ़ में आज भी घना कोहरा छाया हुआ है। अमृतसर और जालंधर में धुंध के कारण विजिबिलिटी काफी कम है। इसी कारण आज जालंधर के PAP चौक पर ट्रक और पंजाब रोडवेज व प्राइवेट बस की टक्कर हो गई। पनबस पहले ट्रक से टकराई, फिर उसकी टक्कर प्राइवेट बस से हो गई। हादसे में पनबस के परखच्चे उड़ गए, बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
वहीं बाबा फरीद यूनिवर्सिटी के स्टाफ और स्टूडेंट्स को लेकर बस जा रही थी। इसी दौरान गिद्दड़बाहा-मलोट रोड पर थेहड़ी के नजदीक बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। बस के ड्राइवर ने कहा कि विजिबिलिटी जीरो थी, जिस वजह से उसे सड़क किनारे खड़ा ट्रक नहीं दिखाई दिया, इस वजह से हादसा हो गया। हादसे में ड्राइवर और आगे बैठा लाइब्रेरियन जख्मी हो गया। उन्हें मलोट के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। स्टाफ और बाकी स्टूडेंट्स बाल-बाल बच गए लेकिन बस क्षतिग्रस्त हो गई।
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब के लोगों को अगले 5 दिनों तक घने कोहरे और कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ेगा। जम्मू-कश्मीर में हुई बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों की ओर ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने हाईवे पर यात्रा करने वाले लोगों को अगले दो दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है। धुंध से फ्लाइट कैंसिल या डिले हो सकती है।


