रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में बजट की तारीख गुजरात से अनाउंस की गई है। दरअसल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ गुजरात दौरे पर है जिन्होंने वहां पर प्रेस कांफ्रेंस करके कहा कि आठ मार्च को पंजाब का बजट पेश होगा।
दरअसल आम आदमी पार्टी गुजरात में देश के बजट और गुजरात के बजट पर चर्चा करने के लिए अलग अलग शहरों में कार्यक्रम कर रही है। सीएम मान ने कहा कि पंजाब के बजट में न कोई नया टैक्स लगेगा और न ही दरों में बढ़ोतरी की जाएगी। भगवंत सिंह मान ने कहा कि देश का बजट और गुजरात का बजट एक जैसा है। इसमें आम लोगों, किसानों, गरीबों, महिलाओं, दुकानदारों और छोटे व्यापारियों के लिए कुछ भी नहीं है। यह सिर्फ बड़े घरानों के लिए हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात में विपक्ष है ही नहीं। कांग्रेस और भाजपा की पार्टनरशिप है, ऐसे में आम आदमी को सरकार खिलाफ आवाज उठानी होगी। मान ने कहा कि गुजरात के लोग आर्थिक बोझ के नीचे दबे है। हालांकि सीएम या फिर अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की बिगड़ी कानून व्यवस्था, पंजाब में गैंगवॉर और गैंगस्टरों द्वारा मांगी जाने वाली फरोती, हर रोज हो रही लूटपाट और चोरियां, दिन दिहाड़े मर्डर को लेकर कोई बयान नहीं दिया।


