रोजाना मेल ( न्यूज डेस्क): पंजाब के लुधियाना और जालंधर में अलग अलग हादसों में दो बच्चों की मौत हो गई।
लुधियाना में शनिवार को चाइना डोर से गला कटने के कारण छात्र की मौत हो गई। वह ताया के बेटे के साथ बाइक पर स्कूल से घर लौट रहा था। इस बीच रास्ते में उनके आगे अचानक चाइना डोर आ गई। खून से लथपथ स्टूडेंट को अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक स्टूडेंट का नाम तरणजोत सिंह है, जो रौले गांव का रहने वाला था। तरणजोत अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। घटना के बाद परिजन और ग्रामीण गुस्सा गए हैं। उन्होंने लुधियाना-चंडीगढ़ हाईवे पर धरना लगा दिया है। लोगों ने कहा कि हादसे वाली जगह पर कोई पुलिस प्रशासन का अधिकारी नहीं पहुंचा। समराला में चाइना डोर खूब बिक रही है। वहीं जालंधर के मकसूदा क्षेत्र में बसंत पंचमी के ही दिन किसान द्वारा खोदे गए 10 फीट गहरे गड्ढे में गिरने से 9 साल के बच्चे शिवम की मौत हो गई। बच्चा पतंग लूटने के लिए खेत की ओर भागा था, जहां वह पानी से भरे गड्ढे की गहराई को समझ नहीं पाया। पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जालंधर में बसंत पंचमी के दिन हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया था।


