रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में सीनेट इलेक्शन की तारीख अनाउंस करने की मांग को लेकर स्टूडेंट्स के प्रदर्शन से बवाल मचा हुआ है। मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर आने-जाने वाली सारी सड़कें जाम हैं। इस वजह से बच्चों को स्कूल से लाने वाले पेरेंट्स भी फंस गए हैं।
स्टूडेंट्स ने पुलिस से धक्कामुक्की के बाद PGI के सामने गेट नंबर 1 को तोड़ दिया है। हालांकि उन्हें रोकने के लिए चंडीगढ़ की SSP कंवरदीप कौर गेट पर चढ़ीं लेकिन स्टूडेंट्स नहीं माने। इसके बाद पुलिस ने बैरिकेडिंग तोड़ने वाले प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया। इससे पहले स्टूडेंट्स इसी गेट को तोड़कर अंदर घुसे थे। जिस दौरान उनकी पुलिस से धक्कामुक्की हुई थी। हालांकि अब 1 नंबर गेट पूरी तरह खोल दिया गया है। स्टूडेंट्स और प्रदर्शनकारी यहां से यूनिवर्सिटी के भीतर दाखिल हो गए हैं, जिनमें निहंग भी शामिल हैं। मोहाली-चंडीगढ़ बॉर्डर पर फेज 6 में किसानों ने पुलिस के बैरिकेड तोड़ दिए। अब वह चंडीगढ़ में PU की तरफ आ रहे हैं। पुलिस ने पहले उन्हें रोकने की कोशिश की थी। लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। किसान नेता बलवीर राजेवाल ने कहा कि मोहाली में हरियाणा पुलिस लगाई गई थी। चंडीगढ़ में घुसने से रोकने जाने पर निहंग YPS चौक मोहाली की तरफ रवाना हो गए हैं। वहां जाम लगने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने उसे चारों तरफ से बंद कर दिया है।


