रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): कनाडा से एक दुखद खबर सामने आई है। पंजाब के मोगा नजदीक गांव तखनबध निवासी कैप्टन रेशम सिंह के 26 वर्षीय बेटे सुखजिंदर सिंह की ब्रैम्पटन (कनाडा) में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई।
सुखजिंदर तीन साल पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गया था और कुछ दिन पहले ही उसे वर्क परमिट मिला था। बीते दिन अचानक तबीयत बिगड़ने पर वह दवा लेने अस्पताल गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिवार ने बताया कि सुखजिंदर 5 फरवरी को पंजाब अपने गांव परिवार से मिलने आने वाला था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार सुखजिंदर के पिता पूर्व फौजी हैं। उन्होंने अपने दोनों बच्चों को अच्छी पढ़ाई करवाया। नौकरी न मिलने पर सुखजिंदर और उनके बड़े भाई ने डेयरी फॉर्म का काम शुरू किया था। सुखजिंदर ने भविष्य के लिए विदेश जाने का फैसला किया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।


