रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): कनाडा के अबॉट्सफोर्ड में सोमवार को पंजाब के कारोबारी की हत्या कर दी गई। मृतक कारोबारी की पहचान पंजाब के लुधियाना जिले के दोराहा गांव निवासी दर्शन सिंह सहसी (68) के रूप में हुई है। वे कैनम इंटरनेशनल कंपनी के अध्यक्ष थे, जो विश्व की सबसे बड़ी कपड़ों की रीसाइकलिंग कंपनियों में से एक मानी जाती है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह लगभग 9:30 बजे (कनाडा समय अनुसार) रिजव्यू और समिट ड्राइव के कोने पर गाड़ी में बैठे सहसी को अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सहसी की जान जा चुकी थी। घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में भारी सुरक्षा घेरा बना दिया और पास के तीन स्कूलों को सतर्कता के तौर पर कुछ देर के लिए बंद रखा। फिलहाल, कनाडा पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक, हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।


