रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के जालंधर में तीन लुटेरों ने पार्षद चुनाव लड़ चुके नेता को लूटने की मंशा से उनके सिर पर तलवार से हमला कर दिया। पीड़ित का कहना है कि वारदात के बाद थाना रामामंडी की पुलिस को सूचना देने के लिए फोन किया तो किसी ने फोन नहीं उठाया । इलाज करवाने के बाद उन्होंने हाईटेक नाके को देखा तो वहां तैनात पुलिस कर्मियों को लुट की कोशिश की सूचना दी लेकिन आरोप है कि पुलिस ने जांच करने की जगह उन्हीं की गाड़ी की तलाशी लेनी शुरू कर दी।
पीड़ित प्रताप सिंह ने बताया कि रात 11 बजे सैर करते वक्त तीन लुटेरों ने उनसे फोन लूटने की कोशिश की लेकिन विरोध करने पर एक लुटेरे ने उनके सिर पर तलवार मार दी। शोर मचाने पर लुटेरे तो भाग गए लेकिन उन्हें खून से लथपथ कर गए। थाना रामामंडी की पुलिस ने फोन नहीं उठाया तो वह इलाज करवाने के लिए अस्पताल चले गए। वारदात लम्मा पिंड के सेठी इंडस्ट्री रोड की है। वहां से वापिसी में लम्मा पिंड चौक पर ही नाका देख वह रुक गए लेकिन सारी घटना बताने के बावजूद पुलिस ने उनकी गाड़ी की तलाशी लेनी शुरू कर दी। सुबह होने पर जब उनके करीबियों को पता लगा तो एसीपी सेंट्रल अजय सिंह को जानकारी दी जिसके बाद जाकर थाना रामामंडी की पुलिस ने जांच शुरू की। जांच करने मानक सीसीटीवी फुटेज मिली जिसमें लुटेरे तलवार लेते हुए भागते नजर आ रहे है।


