रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): अमृतसर में गोल्डन टेंपल के पवित्र सरोवर में मुस्लिम युवक के कुल्ला करने का मामला थम नहीं रहा है। युवक 2 बार माफी मांग चुका है लेकिन उसके तरीके से सिख समुदाय नाखुश है। इसको लेकर अब शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) मुस्लिम युवक के खिलाफ FIR दर्ज कराएगी।
SGPC के लीगल एडवाइजर अमनबीर सिंह सियाली ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि जल्द इस मामले में पुलिस को शिकायत दी जाएगी। SGPC के मुताबिक जांच में सामने आया कि युवक बेअदबी की नीयत से ही अंदर आया था। वह करीब 20 मिनट तक गोल्डन टेंपल में रहा लेकिन उसने माथा नहीं टेका। इस मामले में कार्रवाई न करने पर SGPC की आलोचना हो रही थी। गोल्डन टेंपल में योग करने वाली गुजरात की अर्चना मकवाना जैसे इस युवक पर केस दर्ज न कराने से सवाल भी खड़े किए जा रहे थे। वहीं SGPC के कुछ कदम न उठाने के बाद निहंगों ने उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शिकायत दे दी थी। इसमें निहंगों का कहना था कि जिस तरह की हरकत युवक ने की, वह सिखों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली है। निहंगों ने चेतावनी दी कि सिख समुदाय पर अक्सर कानून हाथ में लेने के आरोप लगाए जाते हैं, इसलिए वे सबसे पहले कानून के दायरे में रहकर पुलिस के पास आए हैं।


