

रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर के मॉडल टाउन इलाके में आप नेता लक्की ओबेरॉय की हत्या एक टारगेट किलिंग मानी जा रही है। भरोसेमंद सूत्रों की माने तो यह हत्या खालसा कॉलेज की प्रधानगी को लेकर चल रही रंजिश का नतीजा है।
सूत्रों की माने तो पहले शेरू ग्रुप का जोगा फोल्ड़ीवाल खालसा कॉलेज की प्रधानगी अपने खास को दिलाना चाहता था लेकिन इसी बीच लक्की ओबेरॉय ने अपना करीबी प्रधान बना डाला जिसके बाद जोगा फोल्ड़ीवाल को किनारे कर दिया गया था। हालांकि इससे पहले शेरू ग्रुप का खालसा कॉलेज का प्रधान था। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद भी चलता रहा था। सूत्रों का कहना है कि शेरू ग्रुप का जोगा फोल्ड़ीवाल इस बात को लेकर बदला लेना चाहता था और उसी ने लक्की ओबेरॉय की टारगेट किलिंग करवाई। उधर लक्की ओबेरॉय को पांच गोलियां सीने पर और एक गोली सिर पर मारी गई। बदमाश एक्टिवा पर कंबल ओड कर आए थे और वह इस बात का इंतजार कर रहे थे कि जब लक्की ओबेरॉय गुरुद्वारा साहिब में माथा टेक कर अपनी थार में बैठेगा तो तभी उस पर फायरिंग की जाएगी ताकि उसे भागने का भी मौका न मिल सके। हालांकि डीसीपी मनप्रीत सिंह ढिल्लो का कहना है कि कई एंग्लो पर जांच की जा रही है।


