रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में पटियाला पुलिस की कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग के मामले में SSP वरूण शर्मा पर गाज गिर गई है। पटियाला के SSP शर्मा को अचानक छुट्टी पर भेज दिया गया है। उनकी जगह पर संगरूर के SSP सरताज सिंह चहल पटियाला के एसएसपी का अतिरिक्त चार्ज देखेंगे।
बता दें कि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने एक कॉल रिकॉर्डिंग पोस्ट की थी। उन्होंने दावा किया था कि यह कॉल रिकॉर्डिंग पटियाला पुलिस की कॉन्फ्रेंस कॉल पर हुई मीटिंग की है। जिसमें पटियाला के SSP वरूण शर्मा DSP’s को अकाली उम्मीदवारों के साथ नामांकन के वक्त धक्केशाही करने के लिए कह रहे हैं। वह पुलिसवालों को कह रहे हैं कि नामांकन पत्र छीनना, फाड़ना या जो भी करना हो, उम्मीदवारों के घर, गांव या रास्ते में करो। नामांकन केंद्रों में इस तरह की कोई हरकत नहीं होनी चाहिए। हालांकि तब पटियाला पुलिस ने इसे AI से बनाया फेक वीडियो कहकर खारिज कर दिया था। पटियाला SSP पर यह एक्शन हाईकोर्ट में सुनवाई से पहले हुआ है। आज ही इस मामले में कार्रवाई को लेकर चुनाव आयोग को पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में जवाब देना है। इस दौरान आयोग हाईकोर्ट को बताएगा कि इस मामले में क्या कार्रवाई की गई है। यह याचिका अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा ने दाखिल की थी। पिछली सुनवाई में चीफ जस्टिस शील नागू ने खुद रिकॉर्डिंग सुनने की बात कही थी। जिसके बाद पुलिस और सरकार में हड़कंप मचा हुआ था।


