रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने ऐलान किया कि वह 2027 में गिद्दड़बाहा से चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि गिद्दड़बाहा के लोगों ने इसकी मांग की है। अभी तक सुखबीर बादल जलालाबाद से चुनाव लड़ते रहे हैं। उन्होंने 2009 में जलालाबाद से उपचुनाव जीता। इसके बाद 2012 और 2017 में इसी सीट से चुनाव जीता।
हालांकि 2022 के चुनाव में वह जलालाबाद सीट हार गए। गिद्दड़बाहा से पूर्व सीएम व सुखबीर बादल के पिता परकाश सिंह बादल भी चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि लंबी को बादल परिवार का गढ़ माना जाता है। मगर, पिछले चुनाव में पूर्व सीएम बादल यहां से चुनाव हार गए थे। गिद्दड़बाहा सीट से पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर राजा वडिंग चुनाव लड़ते हैं। हालांकि पिछली बार उन्होंने उपचुनाव में यहां से अपनी पत्नी अमृता वडिंग को उम्मीदवार बनाया था लेकिन वह हार गईं। वहीं बादल परिवार की पैतृक सीट लंबी है लेकिन यहां के बारे में अभी क्लियर नहीं है। ऐसे में यहां से उनकी पत्नी हरसिमरत कौर बादल भी चुनाव लड़ सकती हैं। हालांकि हरसिमरत अभी सांसद हैं। ऐसे में अगर वह विधानसभा चुनाव नहीं लड़ती तो फिर सुखबीर बादल 2 सीटों यानी लंबी व गिद्दड़बाहा से चुनाव लड़ सकते हैं।


