रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के लुधियाना में पुलिस ने पाकिस्तान और उसकी खुफिया एजेंसी आईएसआई की ओर से संचालित किए जा रहे मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने पाकिस्तानी हैंडलर्स के इशारों पर काम कर रहे 10 बड़े गुर्गों को गिरफ्तार किया है।
शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये आरोपी मलेशिया में बैठे तीन गुर्गों के माध्यम से पाकिस्तान हैंडलर्स के संपर्क में थे, ताकि हैंड ग्रेनेड को भारत पहुंचाया जा सके। हैंडलर्स द्वारा आरोपियों को पंजाब में अशांति पैदा करने के लिए आबादी वाले क्षेत्र में ग्रेनेड हमला करने का काम सौंपा गया था। मगर, हमले से पहले ही पुलिस ने इन्हें दबोच लिया है, जिनमें मलेशिया में बैठे राजस्थान निवासी गुर्गे अजय का भाई भी शामिल है। पुलिस अब इन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है, ताकि इन लोगों के भारत में सभी कॉन्टैक्ट्स तक पहुंचा जा सके। आरोपियों में से पांच की पहचान रमणीक सिंह, कुलदीप सिंह, अजय, शेखर सिंह और परमिंदर सिंह उर्फ चिड़ी के रूप में हुई है।


