पंजाब में मोहाली के इंडस्ट्रियल एरिया में एक फैक्ट्री में सिलेंडर ब्लास्ट हुआ है, जिसमें 2 लोगों की मौत हो गई है। जबकि, 4 लोग घायल हुए हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों की दीवारें तक हिल गईं और फैक्ट्री की छत को भी काफी नुकसान पहुंचा। सिलेंडर के टुकड़े भी 1 किलोमीटर दूर तक बिखरे मिले। इस दौरान जिन लोग की हादसे में जान गई है, उनके शरीर के अंग भी दूर-दूर जाकर गिरे।
फिलहाल, ब्लास्ट की सही वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस व प्रशासन की टीमों ने करीब पांच घंटे घटनास्थल पर जुटी रहीं। मृतकों की पहचान आसिफ खान और देवेंद्र कुमार के रूप में हुई है। दोनों की उम्र करीब 25 साल थी और कंबाला के रहने वाले थे। सीएम भगवंत मान ने घटना पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़ा हर अपडेट अधिकारियों से ले रहे हैं। जिस जगह पर धमाका हुआ है, वह ऑक्सीजन प्लांट है। वहां से ट्राइसिटी समेत पूरे पंजाब के अस्पतालों में सिलेंडरों की सप्लाई होता है। पता चला है कि यहां सिलेंडर लोड किए जा रहे थे। इसी दौरान अचानक सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इस दौरान करीब 6 लोग चपेट में आए। सूचना मिलते ही मोहाली के एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया। मौके पर मोहाली के डिप्टी मेयर कुलजीत बेदी और एसडीएम दमनप्रीत कौर भी पहुंचीं।





