रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर और आसपास के जिलों के रेल यात्रियों के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ी सौगात दी है। नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चलने वाली हाई-स्पीड ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ अब जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर भी रुकेगी। रेल विभाग ने इस ठहराव को अपनी आधिकारिक मंजूरी दे दी है, जो 2 अप्रैल 2026 से से प्रभावी होगा।
इस निर्णय से न केवल जालंधर के व्यापारियों और आम यात्रियों को सुविधा होगी, बल्कि जम्मू और कटरा जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी सफर काफी सुगम हो जाएगा। जालंधर को मिलने वाली यह तीसरी वंदे भारत ट्रेन है। जालंधर के लोगों द्वारा लंबे समय से यह मांग की जा रही थी कि दिल्ली-कटरा मार्ग पर चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव जालंधर में भी सुनिश्चित किया जाए।
यात्रियों की सुविधा और क्षेत्र की महत्ता को देखते हुए रेलवे ने अब इसे हरी झंडी दे दी है। इस नए स्टॉपेज के जुड़ने से जालंधर के यात्रियों के पास अब राजधानी दिल्ली और धार्मिक स्थल कटरा जाने के लिए एक प्रीमियम और तेज विकल्प मौजूद होगा। रेल विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन के समय में जालंधर कैंट स्टेशन के लिए विशेष नियम लाये गए है वंदे भारत ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 6:00 बजे रवाना होती है। अंबाला कैंट (8:10 AM) और लुधियाना (9:19 AM) के बाद, अब यह सुबह 10:00 बजे जालंधर कैंट पहुंचेगी।


