रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब और चंडीगढ़ में इस समय शीत लहर चल रही है। सुबह-शाम की ठंड बहुत ज्यादा बढ़ गई है। हल्का कोहरा भी पड़ रहा है। वहीं, आज आठ जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट है। न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। अब यह सामान्य तापमान से 2 डिग्री नीचे पहुंच गया है।
आदमपुर और फरीदकोट पूरे पंजाब में सबसे ठंडा रहा है। यहां पर न्यूनतम तापमान क्रमशः 2 और 3 डिग्री दर्ज किया गया है। चंडीगढ़ की हवा पंजाब के मुकाबले ज्यादा प्रदूषित हो गई है। सुबह छह बजे चंडीगढ़ का AQI 222 दर्ज किया गया है।
आठ जिलों में शीत लहर का अलर्ट
पंजाब के ऊपर हवा में एक पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ है। यह जमीन से करीब 3 किलोमीटर ऊचाई पर है। इस वजह से हवा में दो मौसम के सिस्टम बने हुए हैं, जिनकी वजह से आने वाले समय में बादल और ठंडी हवाएं चलने की संभावना है। आज भी राजस्थान से लगते फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर, फाजिल्का, बठिंडा, मोगा, जालंधर और मानसा में शीतलहर का अलर्ट है। वहीं, मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली अंबाला और अमृतसर अंबाला हाईवे पर मौसम साफ रहेगा।


