रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर के पठानकोट चौक के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जंगली सांभर रिहायशी इलाके की सड़कों पर घूमता नजर आया। सर्दी और धुंध के मौसम में खाने की तलाश में जंगल से भटककर शहर में पहुंचे सांभर को देखकर लोगों में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग और पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद सांभर को सुरक्षित पकड़ लिया गया। वन विभाग ने इलाज के बाद उसे जंगल में छोड़ने की बात कही है। जानकारी के अनुसार, सर्दी और लगातार पड़ रही धुंध के कारण इन दिनों जंगली जानवरों का जंगलों से निकलकर आबादी वाले इलाकों में पहुंचने का सिलसिला बढ़ गया है। रिहायशी इलाके में एक बड़ा सांभर अचानक सड़कों पर दिखाई दिया। सुबह के समय लोगों ने सांभर को सड़क पर दौड़ते देखा, जिससे राहगीरों और आसपास के निवासियों में डर का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया की जैसे ही सांभर ने लोगों को अपनी ओर आते देखा, वह घबराकर इधर-उधर भागने लगा और आखिरकार पास ही स्थित एक खाली प्लॉट में घुस गया। सांभर के शहर में घुसने की सूचना तुरंत लोगों द्वारा कंट्रोल रूम को दी गई। सूचना मिलते ही पीसीआर टीम और वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।


