रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): एशिया कप के फाइनल में भारत को 147 रन का टारगेट मिला है। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में चल रहे इस मुकाबले में भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान को 19.1 ओवर में 146 रन पर ऑलआउट कर दिया।
कुलदीप यादव ने 4 विकेट लिए। उन्होंने अपने चौथे ओवर में 3 विकेट निकाले। साहिबजादा फरहान 38 गेंद पर 57 रन बनाकर आउट हुए। वरुण चक्रवर्ती ने उन्हें तिलक वर्मा के हाथों कैच कराया। कुलदीप यादव ने 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर सईम अयूब का विकेट लिया। सईम ने 11 गेंदों पर 14 रन बनाए। अक्षर पटेल ने मोहम्मद हारिस (0) को पवेलियन भेजा। फखर जमान का विकेट वरुण को मिला। जमान ने 35 गेंदों पर 46 रन बनाए। अक्षर ने हुसैन तलत (1) को संजू सैमसन के हाथों कैच कराया। पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा को कुलदीप यादव ने आउट किया। कुलदीप ने शाहीन शाह अफरीदी का विकेट भी लिया। जसप्रीत बुमराह ने हारिस रऊफ को बोल्ड किया। इसके बाद उन्होंने प्लेन क्रैश का इशारा भी किया।


