रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश और ओले गिरने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मौसम में आए बदलाव के कारण तापमान में 8.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। फिलहाल तापमान सामान्य से 12.4 डिग्री नीचे चल रहा है।
राज्य में सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 35.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, दो दिन (31 मई और 1 जून) गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। आज पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, मोहाली और तरनतारन में गरज-चमक के साथ बारिश तथा तेज हवाएं चल सकती हैं। पटियाला में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली में भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। विभाग का अनुमान है कि इसके बाद 4 जून तक मौसम शुष्क (ड्राई) रहेगा और हीट वेव से राहत बनी रहेगी।


