रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): मानसा में नशा विरोधी एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या के विरोध में इंसाफ कमेटी, किसान और शिरोमणि अकाली दल के नेता आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों को उनके घरों पर लानत पत्र देने पहुंचे। लुधियाना में AAP विधायक अशोक पराशर पप्पी के घर की तरफ जा रहे अकाली नेताओं को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर रोक लिया।
इस पर अकाली नेताओं ने बैरिकेड हटाने की कोशिश की। बाद में 6 नेताओं को जाने की अनुमति दी गई। वहीं, बठिंडा के तलवंडी साबो में विधायक प्रो बलजिंदर कौर के घर के बाहर पुलिस और किसान व अकाली नेता आमने सामने हो गए। किसान बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ गए और लानत पत्र विधायक की कोठी पर चिपका दिया।
झोटा के पिता भीम सिंह ने कहा कि अब परविंदर सिंह की पत्नी खुद एक्शन कमेटी में शामिल होंगी और मीडिया को भी संबोधित करेंगी। उन्होंने कहा कि बीते दिन एक्शन कमेटी के कुछ सदस्यों ने अमित शाह का विरोध करने का ऐलान किया था। अगर गृहमंत्री का विरोध किया जाता है तो ये समझना कि उनका (परिवार का) विरोध हो रहा है। एक्शन कमेटी मुख्यमंत्री भगवंत मान और DGP के इस्तीफे की मांग कर रही है। इसके बगैर वह पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार न कराने पर अड़े हुए हैं। झोटा का शव 7 दिन से मानसा के अस्पताल में रखा गया है। कल केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मानसा में परिवार से मुलाकात करेंगे।


