रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के पटियाला में मंगलवार को नीले रंग के ड्रम में एक युवती की लाश मिली। यह ड्रम रेलवे कॉलोनी में पड़ा हुआ था। हत्यारों ने शव को ड्रम के अंदर ठूंसा और ऊपर लाल रंग का ढक्कन लगा दिया, ताकि किसी को शक न हो। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
युवती के एक हाथ पर “नेहा” लिखा हुआ है, जबकि दूसरे हाथ पर दिल का टैटू बना है। इस टैटू के अंदर अंग्रेजी के अक्षर ‘N’ और ‘A’ गुदे हुए हैं। युवती के चेहरे पर हल्की चोट के निशान भी हैं। शव को कब्जे में लेकर राजिंदरा अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस युवती की पहचान कराने की कोशिश कर रही है।
कचरा उठाने वाले ने डेडबॉडी देखी: पटियाला पुलिस के जांच अधिकारी गुरविंदर सिंह ने बताया है कि मंगलवार सुबह करीब सवा 5 बजे थाना अर्बन एस्टेट, पटियाला को टेलीफोन से एक सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना में बताया गया था कि डीसीडब्ल्यू पुल के पास कूड़े के ढेर पर एक ड्रम पड़ा है, जिसमें किसी इंसान की लाश दिखाई दे रही है। ASI गुरविंदर सिंह ने बताया कि कचरा उठाने वाले व्यक्ति ने ड्रम को खोलकर चेक किया तो उसमें डेडबॉडी मिली। उसी ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
पहचान नहीं हो पाई, लड़की प्रवासी लग रही: सूचना के मिलते ही ASI अमनदीप सिंह, खुद SHO और पुलिस की पूरी टीम तुरंत मौके पर पहुंची। वहां पहुंचने पर जब जांच की गई तो ड्रम के अंदर से एक लड़की की लाश है। फिलहाल, मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि देखने में मृतका कोई प्रवासी लग रही है, जिसकी उम्र लगभग 15 से 20 साल के बीच प्रतीत होती है। लड़की के बाएं हाथ पर अंग्रेजी में नेहा नाम का टैटू बना हुआ है। दाएं हाथ पर NA लिखा है और साथ में एक दिल का टैटू छपा हुआ है।

चेहरे पर खरोंच के निशानः पुलिस अधिकारी ने स्पष्ट किया कि मौत का असली कारण तो पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि जिस प्लास्टिक के ड्रम में यह लाश मिली है, वह नीले रंग का है और उसका ढक्कन लाल रंग का है। मृतका के चेहरे पर एक-दो खरोंच के निशान हैं। इसके अलावा उसके हाथ पर भी खून का निशान मिला है।


