रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब में किसान संगठनों ने 8 जून को केंद्र और राज्य सरकारों के खिलाफ बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम की तैयारी की है।
किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने बताया कि ऑल इंडिया किसान मजदूर मोर्चा (KMM) की ग्वालियर बैठक में यह फैसला लिया गया था कि देशभर में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किए जाएंगे। पंधेर के अनुसार यह विरोध प्रदर्शन हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार और पंजाब सहित कई राज्यों में आयोजित होंगे। उन्होंने दावा किया कि सिर्फ पंजाब में ही लगभग 17 जिलों से पुतला दहन कार्यक्रमों की सूचना मिल चुकी है। पंधेर ने किसानों की मुख्य समस्याओं को उठाते हुए कहा कि सबसे बड़ी समस्या यूरिया खाद की भारी कमी है। कई जगहों पर दुकानदार और कंपनियां किसानों को यूरिया के साथ जबरन अतिरिक्त सामान जैसे कीटनाशक और अन्य खाद सामग्री थोप रहे हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि कई क्षेत्रों में यूरिया की ब्लैक मार्केटिंग भी बड़े पैमाने पर हो रही है।


