रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक परिवार के 5 लोगों की लाश घर में मिली है। इनमें पति-पत्नी और तीन बच्चे हैं। पांचों लाशें घर में बिस्तर पर मिलीं। शनिवार सुबह काफी देर तक परिवार नहीं उठा तो पड़ोसियों को शक हुआ। लोग पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था।

खिड़की से देखा तो पांचों बिस्तर पर लेटे दिखाई दिए। इनमें एक के मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस को सूचना दी। पुलिस घर में घुसी तो देखा कि चारपाई पर पिता की बेटे से लिपटी लाश थी। दूसरे बेड पर मां, छोटा बेटा और बेटी की लाश थी। मां बेटे से लिपटी थीं। मृतकों में महेश (37), उसकी पत्नी ललिता (35), बेटा लड्डू (11) और साक्षत (3) और बेटी मिष्टी (7) हैं। घटना ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नंगला श्रीपदम गांव की है। यह जेवर एयरपोर्ट से 6 किमी और जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर है।
न्यूज एजेंसी ANI के मुताबिक, महेश की मां ने बताया- सभी ने रात में सोने से पहले नूडल्स खाए थे। हालांकि, अभी यह पुष्टि नहीं हो पाई है कि मौतें नूडल्स खाने से हुईं हैं। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है। असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगी।


