रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर के गोपाल नगर इलाके में आपसी रंजिश के चलते एक युवक के अपहरण और उसके साथ बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि कुछ युवक उनके छोटे बेटे को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गए और उसके साथ मारपीट की। इस दौरान आरोपियों ने पीड़ित की गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई है और मामले की तफ्तीश में जुट गई है। पुलिस अधिकारी मौके पर रहकर पीड़ित परिवार से पूरी घटना की जानकारी ले रहे हैं, ताकि आरोपियों को जल्द पकड़ा जा सके। पीड़ित युवक की मां ने रोते हुए पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनका छोटा बेटा, जिसने हाल ही में बारहवीं (प्लस टू) की पढ़ाई पूरी की थी और एक बाग में काम करता था, उसे कुछ युवक जबरन अपने साथ ले गए। महिला ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी तब मिली, जब उनका बड़ा बेटा घर पहुंचा और रोते हुए पूरी वारदात के बारे में बताया।
पीड़ित महिला के अनुसार, कुछ युवक उनके छोटे बेटे को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गए। इस दौरान आरोपियों ने रास्ते में खड़ी उनकी गाड़ी में भी जमकर तोड़फोड़ की। इसके बाद वे युवक को अपने साथ ले गए और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। जब महिला से पूछा गया कि क्या उनकी किसी से पुरानी रंजिश थी, तो उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी किसी दुश्मनी की जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि उनका बड़ा बेटा पुलिस के साथ अपने छोटे भाई की तलाश और आरोपियों की धरपकड़ के लिए गया हुआ है।


