रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर में सड़क हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर घायल हो गई। उसका इलाज सिविल अस्पताल भोगपुर में चल रहा है। रविवार रात हुई इस घटना का दिल दहला देने वाला CCTV सामने आया है। इसमें रेहड़े पर रोड क्रॉस कर रही मां और दो बेटियों को तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी।
रेहड़े को टक्कर लगते ही तीनों 10 फीट उछलकर रोड पर गिर गईं। मां और एक बेटी के ऊपर से बस गुजर गई। एक्सीडेंट के बाद शवों की पहचान तक करना मुश्किल हो गया। शव बुरी तरह से कट चुके थे। हाथ-पैर नजर नहीं आ रहे थे। पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही सभी को भोगपुर के अस्पताल में पहुंचाया। मरने वालों में पिंकी और उनकी बेटी योइदा है। वही अबीदा घायल है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार ये हादसा भोगपुर में जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर चावला स्वीट के सामने हुआ है। देर रात तक पिंकी और उसकी बेटियों ने सड़कों पर बिखरा कचरा अपने रेहड़े में इकट्ठा किया। इसके बाद जब पिंकी और उसकी बेटियां योइदा व अबीदा रेहड़े पर बैठ रोड क्रॉस कर रहे थे, तो तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। पिंकी और उनकी बेटी योइदा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बेटी अबीदा जिंदगी मौत के बीच जंग लड़ रही है। सीसीटीवी फुटेज में दिख रहा कि तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से मां-बेटी हवा में उछलकर सड़क पर गिरीं।


