रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): लुधियाना में प्रॉपर्टी के लालच में दोहते ने नानी की हत्या कर दी। परिवार ने नानी की मौत को हार्ट अटैक या सामान्य मौत समझकर अगले दिन अंतिम संस्कार भी कर दिया, लेकिन इसके बाद पड़ोसी के घर लगे CCTV की फुटेज सामने आई तो पूरा मामला पलट गया।
फुटेज में दोहता नानी से झगड़ते और मारपीट करते नजर आया। वह नानी के ऊपर बैठकर उनका मुंह और गला दबाता भी दिखा। CCTV के आधार पर पुलिस ने सामान्य मौत की कार्रवाई को हत्या के केस में बदल दिया। पुलिस ने आरोपी गुरकीरत सिंह उर्फ गोरा को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल किया और हत्या करने की वजह बताई।

जाने पूरा मामला
🛑 मृतका मनजीत कौर की बेटी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उन्होंने अपने दोहते गुरकीरत सिंह उर्फ गोरा को मां की तरह पाला और बड़ा किया। नानी ने ही उसकी शादी भी करवाई थी। परिवार के मुताबिक, नानी ने उसे जिंदगी में आगे बढ़ाने के लिए काफी कुछ किया था।
🛑 3 सितंबर की शाम करीब 6 बजे परिवार को मनजीत कौर की मौत की खबर मिली। देरी होने के कारण शव को मॉर्च्यूरी में रखवाया गया। परिवार को उस समय मौत सामान्य लगी और किसी को हत्या का शक नहीं था।
🛑 4 सितंबर को गुरकीरत की बातों पर भरोसा करते हुए परिवार ने पुलिस से धारा 194 के तहत सामान्य मौत की कार्रवाई करवाई। इसके बाद मनजीत कौर का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
🛑 अंतिम संस्कार के बाद परिवार के मन में नानी की अचानक मौत को लेकर सवाल उठने लगे। इसके बाद पड़ोस के घर में लगे CCTV कैमरे की फुटेज चेक की गई। फुटेज में जो सामने आया, उससे परिवार के होश उड़ गए। सीसीटीवी कैमरे में आरोपी गोरा अपनी नानी के साथ मारपीट करता और छाती पर बैठ कर गला दबाता हुआ दिखाई दिया जिसके बाद पड़ोसियों ने पुलिस को सूचित किया और पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जबकि हत्यारे ने अपना गुनाह कबूल भी लिया।


