रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): नशे के खिलाफ अभियान के तहत जालंधर पुलिस ने शनिवार को गढ़ा इलाके में CASO ऑपरेशन चलाया। इस दौरान पुलिस ने संदिग्ध नशा तस्करों की सूची तैयार कर उनके घरों और अन्य ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने इलाके में कई स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की।

पुलिस ने संदिग्ध नशा तस्करों के घरों में दाखिल होकर बेड, रसोई और अन्य स्थानों की बारीकी से तलाशी ली। इसके अलावा, घरों के बाहर पड़े संदिग्ध सामान की भी जांच की गई। पुलिस का उद्देश्य उन स्थानों की जांच करना था, जहां नशीले पदार्थ छिपाए जाने की आशंका थी। यह अभियान पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह के दिशा-निर्देशों के तहत और एसीपी मॉडल टाउन मनमोहन सिंह की अगुवाई में चलाया गया। पुलिस ने अलग-अलग टीमें बनाकर संदिग्धों के घरों और ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इसका उद्देश्य नशे के कारोबार पर लगाम लगाना और तस्करी में शामिल संदिग्धों पर नजर रखना है। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से भी अपील की कि यदि उनके आसपास कोई व्यक्ति नशे का कारोबार करता है या ऐसा कोई गैरकानूनी काम करता है, जिससे लोगों को नुकसान पहुंच सकता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।


