रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): हरियाणा के पंचकूला में भाजपा पार्षद के देवर रतन लुबाना पर आधी रात को 8 गोलियां चलाई गईं। उन्हें बाजू में एक गोली लगी और फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायरिंग की घटना के कुछ देर बाद लुबाना के मोबाइल पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को रोहित गोदारा बताते हुए पूछा- कितनी गोली लगी हैं।

इस घटना के करीब दो घंटे बाद पुलिस ने बदमाशों का पीछा करते हुए एनकाउंटर कर दबोच लिया। दोनों आरोपी पंजाब के हैं। दोनों बदमाश पल्सर बाइक पर आए थे और उस वक्त लुबाना पर फायरिंग की, जब वो स्विस लांज से निकल रहे थे। सेक्टर-5 के जिस एरिया में फायरिंग हुई है, वहां पर रतन लुबाना पार्टनरशिप में क्लब चलाते हैं। रतन के भाई नरेंद्र लुबाना BJP के युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष हैं, पार्षद भी रहे हैं। इस बार उनकी पत्नी नगर निगम के वार्ड-1 से हाल ही में पार्षद चुनी गई हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि रतन लुबाना को काफी समय पहले गैंगस्टर रोहित गोदारा की फिरौती की कॉल आई थी, पैसे नहीं देने पर गैंग की ओर से फायरिंग करवाई गई।


