रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): लुधियाना से सांसद और प्रदेश कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री स्वर्गीय बूटा सिंह पर चुनावी सभा के दौरान कथित अपमानजनक और जातिसूचक टिप्पणी करने के मामले में राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग (NCSC) ने सख्त रुख अपनाया है।
आयोग के अध्यक्ष किशोर मकवाना की अगुआई में आज मामले की सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद पंजाब पुलिस को राजा वडिंग समेत सभी आरोपियों को 5 दिनों के भीतर गिरफ्तार कर स्टेटस रिपोर्ट सौंपने को कहा।
आयोग ने पूर्व में दिए गए निर्देशों के बावजूद जांच में हो रही देरी और कार्रवाई रिपोर्ट (ATR) न सौंपने पर नाराजगी जताई। इसके साथ ही शिकायतकर्ता और स्वर्गीय बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह को लगातार मिल रही धमकियों के चलते उन्हें दिल्ली और पंजाब में तत्काल 24 घंटे पुलिस सुरक्षा मुहैया कराने की भी सिफारिश की है।सोमवार को हुई सुनवाई में बूटा सिंह के बेटे सरबजोत सिंह, तरनतारन पुलिस के डीएसपी हरप्रीत सिंह व डीएसपी गुलजार सिंह भी उपस्थित रहे। आयोग ने दोनों अफसरों से सवाल जवाब किए। याचिकाकर्ता सरबजोत व पुलिस की दलीलें सुनने के बाद आयोग ने पुलिस को कहा कि इस मामले की चार्जशीट पेश की जाए और पांच दिन के भीतर राजा वडिंग को गिरफ्तार किया जाए।


