रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने बाइक-स्कूटी सवार समेत 4 लोगों को कुचल दिया। बस जालंधर से जम्मू जा रही थी।
ड्राइवर ने संतुलन खोने के बाद बस सड़क किनारे खड़े लोगों पर चढ़ा दी। हादसे में दो लोगों की मौके पर मौत हो गई। मृतकों के सिर पर गंभीर चोट लगी थी। जबकि, घायलों के मल्टीपल इंजरी हैं। हादसे के बाद भी लक्ष्मी हॉलिडेज का बस ड्राइवर करीब 200 फीट तक दोनों को घसीटता ले गया। इस दौरान उसने सड़क किनारे बच्चे के साथ जा रही एक महिला को भी चपेट में ले लिया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने बस को आग लगाकर फूंक दिया। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस मौके पर पहुंच गई। पठानकोट पुलिस के थाना नंगलभूर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसा बुधवार सुबह 10 बजे के करीब हुआ। जालंधर से जम्मू जा रही लक्ष्मी हॉलीडेज की बस (नंबर एआर2-0बी-0956) अचानक अनियंत्रित हो गई। इस दौरान पठानकोट के संदीपनी गुरुकुल स्कूल कौंतरपुर के पास चौक में कुछ लोग खड़े थे। बेकाबू बस ने सड़क किनारे खड़ी एक बाइक, स्कूटी और दो अन्य लोगों को उड़ा दिया।


