रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के मोहाली में रहने वाले एक दंपती ने रविवार को अपने 3 बच्चों के साथ पटियाला के राजपुरा में भाखड़ा नरवाना ब्रांच नहर में छलांग लगा दी। इसमें दंपती की तो जान बच गई, लेकिन इनके तीनों बच्चे नहर के तेज बहाव में बह गए। उन तीनों से शव करीब एक किलोमीटर दूर बरामद हुए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दंपती घरेलू कलह के कारण परेशान था। उनके रिश्तेदार उन्हें तंग करते थे। इससे परेशान होकर उन्होंने अपनी जान देने की कोशिश की। बताया यह भी जा रहा है कि पहले परिवार जान देने के लिए रेल की पटरी पर लेटा था, लेकिन ट्रेन नहीं आई। इसके बाद इन्होंने नहर में छलांग लगाई। दंपती ने बच्चों को हाथ-पैर बांधकर फेंका था, जिससे उनकी जान नहीं बच सकी। पुलिस ने दंपती को गिरफ्तार कर लिया है।
बाइक पर सवार होकर नहर पहुंचा था दंपती
जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार दोपहर को राजपुरा में गांव खेड़ी गंडिया से गुजरती भाखड़ा नरवाना ब्रांच नहर पर गांव नरड्डू वाले पुल के पास हुई। मोहाली के लांडरां क्षेत्र के गांव मौजपुर का रहने वाला दंपती यहां बच्चों को बाइक पर लेकर पहुंचा था। परिजन के मुताबिक, गांव मौजपुर से हरप्रभजोत सिंह (40) और उनकी पत्नी जसविंदर कौर (35) अपने तीन बच्चों 14 वर्षीय बेटे एकमजोत, 12 वर्षीय बेटी मुस्कान कौर और 8 वर्षीय बेटी रणवीर कौर के साथ बाइक पर निकले थे। जब वे गांव खेड़ी गंडिया से गुजरती भाखड़ा नरवाना ब्रांच नहर पर गांव नरडू वाले पुल के पास पहुंचे तो उन्होंने बाइक रोककर बच्चों के हाथ पैर चुन्नी से बांध दिए। इसके बाद उन्होंने पहले बच्चों को नहर में उठाकर फेंक दिया। इसके बाद खुद छलांग लगा दी।


