रोजाना मेल (न्यूज डेस्क): पंजाब के कारोबारियों को विदेश से थ्रेट कॉल और पैसों की मांग पूरी न करने पर गोलियां मारने की धमकियां का सिलसिला जारी है। लुधियाना के एक इमिग्रेशन दफ्तर के बाहर रविवार देर रात बाइक पर आए दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। एजेंट को कुछ दिनों से धमकी मिल रही थी और पैसों की डिमांड की जा रही थी। जालंधर के सेनेटरी कारोबारी जगजीत सिंह उर्फ हैप्पी को भी विदेशी नंबर से कॉल करके पैसों की मांग की है और पैसे ने देने पर गोलियां मारने की धमकी दी गई।

लुधियाना की बात करें तो लुधियाना के मॉडल टाउन एक्सटेंशन में राइटवे वीजा कंसल्टेंट्स के दफ्तर पर बाइक सवार दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पीछे बैठे युवक ने दफ्तर को निशाना बनाकर 2-3 राउंड गोलियां चलाईं और फरार हो गया। शुरुआती जांच में पीड़ित को पहले धमकियां मिलने और पैसों की मांग किए जाने की बात सामने आई है। मॉडल टाउन के एसएचओ गुरशिंदर कौर ने बताया कि यह देर रात का मामला है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है। पीड़ित के बयान दर्ज कर आगे की कानूनी जांच और कार्रवाई की जा रही है। जालंधर के सेनेटरी कारोबारी जगजीत सिंह हैप्पी को पहले विदेश के नंबर से कॉल करके पैसे मांगे गए और न देने पर गोलियां मारने की धमकी मिली। हैप्पी ने वह मोबाइल नंबर ब्लॉक लिस्ट में डाला तो बदमाश ने हैप्पी के तीन माह पहले कनाडा से आये बेटे के नंबर पर कॉल कर दिया। उसे भी पैसों के लिए धमकाया गया और कहा कि अगर पैसे न मिले तो उसने घर और दुकान की सारी रेकी करवा रखी है। यहां तक की उसे सारी टाइमिंग का पता है वो कब और कहा कितने बजे जाता है। कारोबारी के बेटे ने कॉल बंद किया तो उसे दोबारा से वॉयस मैसेज भेजे गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


